
रिपोर्टर :- उज्जवल कुमार साहा
साहिबगंज। खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, झारखंड सरकार, रांची एवं जिला प्रशासन, साहेबगंज के संयुक्त तत्वावधान में जिले में संचालित विभिन्न क्रीड़ा प्रशिक्षण केंद्रों के प्रशिक्षुओं के लिए उपलब्ध कराए गए खेल किट का वितरण समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त हेमंत सती के हाथों किया गया।
इस अवसर पर उपायुक्त ने जिले के सिद्धों कान्हु स्टेडियम, साहेबगंज में संचालित बालक आवासीय एथलेटिक्स क्रीड़ा प्रशिक्षण केंद्र (25), डे बोर्डिंग बालिका एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र (25) तथा +2 बी.डी. उच्च विद्यालय, सकरीगली में संचालित डे बोर्डिंग बालक एथलेटिक्स क्रीड़ा प्रशिक्षण केंद्र (25) के कुल 75 प्रशिक्षुओं के बीच खेल किट (जूता, मोजा, टोपी, एथलेटिक्स किट, टी-शर्ट, ट्रैक सूट एवं बैग) का वितरण किया।
उपायुक्त ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम है, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास एवं टीम भावना का भी विकास करता है। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास करते हुए जिले, राज्य एवं देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
मौके पर जिला शिक्षा अधीक्षक
-सह- जिला खेल पदाधिकारी कुमार हर्ष, जिला खेल समन्वयक कौशल किशोर मरांडी, आवासीय बालक एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र, साहेबगंज के प्रशिक्षक योगेश यादव एवं डे बोर्डिंग बालक एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र, सकरीगली के प्रशिक्षक अशोक साहनी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं प्रशिक्षु उपस्थित थे।
