
रिपोर्टर :- उज्जवल कुमार साहा
साहिबगंज। जिले के तीनपहाड़ स्टेशन परिसर में में उस समय उत्सव का माहौल बन गया जब मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन योजना के तहत सम्मानित ग्राम पंचायत के मुखिया सुखवा उरांव के तिनपहाड़ स्टेशन आगमन पर उनका भव्य स्वागत किया गया। यह सम्मान उन्हें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की उपस्थिति में तथा ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका सिंह पांडे के हाथों प्राप्त हुआ था, जिससे पूरे क्षेत्र में गर्व और खुशी का वातावरण है।
स्टेशन परिसर में पंचायत के जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और स्थानीय ग्रामीणों ने फूल-मालाओं और गर्मजोशी के साथ मुखिया का अभिनंदन किया। लोगों ने उनके नेतृत्व और पंचायत विकास में योगदान की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस स्वागत कार्यक्रम में पंचायत सचिव शाहजहां अंसारी, वीएलई अजय कुमार, उप मुखिया प्रतिनिधि भागीरथ मंडल, वार्ड सदस्य प्रतिनिधि विष्णु चौधरी सहित समाजसेवी किशोर चौधरी, मनोज घोष, उज्जवल घोष, अशोक घोष, अजीत सिंह, चंदन सिंह एवं प्रखंड कार्यालय के अधिकारी अभिजीत सर सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने मिलकर मुखिया जी के कार्यों की सराहना की और उनके नेतृत्व में पंचायत के निरंतर विकास की उम्मीद जताई।
स्टेशन स्वागत के बाद मुखिया सुखवा उरांव का विभिन्न गांवों में भी जोरदार स्वागत किया गया। ग्राम काजी गांव, करबोला एवं काजी बाग भैसमरी मोड़ सहित कई स्थानों पर ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक उनका अभिनंदन किया। जगह-जगह फूल-मालाओं के साथ स्वागत कर लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और पंचायत में किए जा रहे विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया।
ग्रामीणों ने कहा कि मुखिया जी के नेतृत्व में पंचायत में विकास की नई दिशा मिली है और आगे भी इसी तरह जनसेवा के कार्य जारी रहेंगे। इस पूरे आयोजन ने यह साबित कर दिया कि जनप्रतिनिधि और जनता के बीच मजबूत संबंध ही विकास की असली नींव है।




