
रिपोर्टर :- उज्जवल कुमार साहा
साहिबगंज।झारखंड लोक सेवा आयोग, रांची द्वारा दिनांक 19 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाली झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी भर्ती) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा- 2025 के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर समाहरणालय सभागार, साहिबगंज में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी हेमंत सती एवं पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में प्रतिनियुक्त पर्यवेक्षक-सह- स्टैटिक दंडाधिकारी, जोनल-सह- उड़नदस्ता दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी तथा सभी परीक्षा केंद्राधीक्षक उपस्थित थे।
इस अवसर पर उपायुक्त हेमंत सती ने सभी केंद्राधीक्षकों, दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को परीक्षा के सफल संचालन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा से संबंधित सभी व्यवस्थाओं का पूर्वाभ्यास कर लें तथा केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं जैसे पेयजल, शौचालय, प्रकाश एवं बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें। साथ ही, उन्होंने परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 144 के अनुपालन एवं अनावश्यक भीड़-भाड़ पर नियंत्रण रखने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा का आयोजन पूर्णतः शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त वातावरण में किया जाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी पदाधिकारी आपसी समन्वय स्थापित कर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन सुनिश्चित करें।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने सभी थाना प्रभारियों एवं संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा के पूर्व सभी परीक्षा केंद्रों, आसपास के होटलों एवं लॉजों की सघन जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता या संदिग्ध गतिविधि पर समय रहते नियंत्रण किया जा सके।
ज्ञातव्य है कि उक्त परीक्षा का आयोजन साहिबगंज जिला मुख्यालय स्थित कुल 13 परीक्षा केंद्रों इनमें राजस्थान इंटर स्कूल, पब्लिक हाई स्कूल, ईस्टर्न रेलवे हाई स्कूल, सेंट जेवियर्स स्कूल (अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यम), साहिबगंज कॉलेज, सेंट जोसफ एकेडमी, जवाहर नवोदय विद्यालय, संध्या इंटर कॉलेज, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट बालिका विद्यालय , राजकीय कन्या मध्य विद्यालय, अपग्रेड नगरपालिका गर्ल्स हाई स्कूल तथा पीएम अपग्रेड मिडिल स्कूल, बङापंचगढ़ शामिल हैं पर दो पालियों में किया जाएगा। प्रथम पाली पूर्वाह्न 10:00 बजे से 12:00 बजे तक एवं द्वितीय पाली अपराह्न 3:00 बजे से 5:00 बजे तक आयोजित होगी। इस परीक्षा में कुल 3653 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे।
परीक्षा के सुचारु संचालन हेतु जिला प्रशासन द्वारा 16 पर्यवेक्षक-सह-स्टैटिक दंडाधिकारी एवं 06 जोनल- सह -उड़नदस्ता दंडाधिकारी प्रतिनियुक्त किए गए हैं।
अनुमंडल पदाधिकारी, साहिबगंज अमर जॉन आईन्द को विधि-व्यवस्था संधारण हेतु प्रभारी के रूप में प्रतिनियुक्ति किया गया है। वहीं जिला आपूर्ति पदाधिकारी झुन्नू कुमार मिश्रा को नोडल पदाधिकारी तथा अपर समाहर्ता गौतम कुमार भगत को वरीय प्रभारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया है।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी तत्परता एवं सतर्कता के साथ करें, ताकि परीक्षा का आयोजन निष्पक्ष एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।


