
रिपोर्टर:- उज्जवल कुमार साहा
नगर निकाय आम निर्वाचन–2026 के सफल, स्वतंत्र एवं निष्पक्ष संचालन को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी–सह–उपायुक्त हेमंत सती एवं सामान्य प्रेक्षक की अध्यक्षता में एनआईसी कार्यालय में कर्मियों का तृतीय यादृच्छिकीकरण (Randomization) संपन्न किया गया।
इस अवसर पर निर्वाचन कार्य में प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं कर्मियों का कंप्यूटराइज्ड प्रणाली के माध्यम से पारदर्शी तरीके से तृतीय चरण का रैंडमाइजेशन कराया गया। उपायुक्त ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के लिए यादृच्छिकीकरण की प्रक्रिया अत्यंत महत्वपूर्ण कड़ी है। इससे किसी भी प्रकार की पक्षपात की संभावना समाप्त होती है और मतदान प्रक्रिया की विश्वसनीयता सुदृढ़ होती है।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि चुनाव से जुड़े सभी कार्य समयबद्ध, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से पूर्ण किए जाएं तथा राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
तृतीय यादृच्छिकीकरण के माध्यम से मतदान दलों का अंतिम गठन कर उन्हें संबंधित मतदान केंद्रों के लिए आवंटित किया गया। पूरी प्रक्रिया सामान्य प्रेक्षक की उपस्थिति में शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई, जिससे पारदर्शिता एवं निष्पक्षता को और मजबूती मिली।
मौके पर सभी निर्वाची पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, उप निर्वाचन पदाधिकारी सुनीता किस्कु सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।




