
रिपोर्ट :- उज्जवल कुमार साहा
झारखंड।साहिबगंज जिले के तालझारी थाना क्षेत्र के कैरासोल-बांझी मुख्य सड़क किनारे गुरुवार की देर रात एक तेज रफ्तार गिट्टी लदे 14 चक्का हाईवा ने सड़क किनारे बने एक नवनिर्मित अबुआ आवास में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आवास बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मिली जानकारी अनुसार, गुरुवार की देर रात करीब 11:30 बजे गिट्टी लोड एक 14 चक्का हाईवा बांझी की ओर से कैरासोल की तरफ आ रहा था। इसी दौरान हाईवा अनियंत्रित होकर सीधे सड़क किनारे स्थित कैरासोल गांव निवासी निर्मला मरांडी के नवनिर्मित मकान में जा घुसी। देर रात हुए घटना की सूचना ग्रामीणों ने तालझारी थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही तालझारी थाना के एएसआई चिंटू कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया। दुर्घटना को लेकर अबुआ आवास के लाभुक निर्मला मरांडी ने बताया कि यह आवास बड़ी मेहनत और सरकारी सहायता से बनाया गया था। उन्होंने गाड़ी मालिक से क्षतिग्रस्त मकान की मरम्मत के लिए मुआवजे की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




