
रिपोर्ट :- उज्जवल कुमार
साहिबगंज: “नशामुक्त भारत” के संकल्प को सशक्त बनाने की दिशा में जिले में जन जागरूकता गतिविधियों ने नई गति पकड़ ली है। जहां झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा), रांची के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) के अध्यक्ष अखिल कुमार के कुशल मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। उधर डालसा सचिव विश्वनाथ भगत ने जानकारी देते हुए बताया कि यह अभियान राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) की डॉन योजना 2025 के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में नशामुक्त भारत अभियान के तहत मंडल कारा, पंचायतों सहित विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहाँ सभी उपस्थित लोगों ने एकजुट होकर नशामुक्ति की शपथ ली। जहां इस मौके पर प्रतिभागियों ने यह संकल्प लिया कि वे न केवल अपने परिवार, मित्रों और समुदाय को, बल्कि पूरे समाज को नशामुक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास करेंगे, क्योंकि परिवर्तन की शुरुआत स्वयं से होती है। इस अवसर पर सभी ने अपने जिले तथा राज्य झारखंड को नशामुक्त बनाने का दृढ़ निश्चय व्यक्त किया। जहां शपथ के दौरान यह भी कहा गया कि “मैं प्रतिज्ञा करता व करती हूँ कि अपने देश को नशामुक्त बनाने के लिए अपनी क्षमता के अनुसार हर संभव प्रयास करूँगा व करूँगी।” आगे श्री भगत ने बताया कि यह जागरूकता सप्ताह 12 जनवरी 2026 तक चलेगा, जिसके दौरान सामुदायिक सहभागिता को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जा रहा है। अभियान में लीगल एड डिफेंस काउंसिल, पारा लीगल वालंटियर्स (न्याय मित्र) एवं अन्य स्वयंसेवी कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
उधर इस अभियान का मुख्य उद्देश्य नशे की प्रारंभिक रोकथाम, परामर्श (काउंसलिंग) तथा पुनर्वास के प्रति जन-जागरूकता फैलाना है, ताकि विशेष रूप से हाशिए पर खड़े युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ा जा सकें।

