हाई टेंशन लाइन टूटने से महिला व उसकी दो वर्षीय बेटी करंट की चपेट में आने से झुलसी।

रिपोर्ट :- शिवा वर्मा (सम्पादक)
बाराबंकी। फतेहपुर थाना क्षेत्र स्थित मुस्काबाद गांव में रविवार सुबह हाई टेंशन लाइन टूटने से महिला व उसकी दो वर्षीय बेटी करंट की चपेट में आने से झुलस गईं। यह हादसा जामुन के पेड़ की डाल काटने के दौरान हुई। दोनों मां-बेटी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर में भर्ती कराया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह गांव में जामुन के पेड़ की डालें काटीं जा रही थी। इसी दौरान पेड़ की एक भारी डाल टूटकर ऊपर से गुजर रही हाई टेंशन लाइन पर गिर गई,डाल गिरने से बिजली का तार टूटकर नीचे गिर गया।
तार टूटते ही बल्लापुर निवासी रूबी (28) पत्नी गुफरान व उनकी दो वर्षीय बेटी आमिना, जो शौच करके खेत से लौट रही थीं, उसकी चपेट में आ गईं, करंट लगने से दोनों मां-बेटी झुलस गई।
हादसा होते ही पास से गुजर रहे राहगीर ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े,ग्रामीणों ने जोखिम उठाकर मां-बेटी को टूटे हुए तार के नीचे से बाहर निकाला। तुरंत एंबुलेंस (यूपी 32एन 4153) बुलाकर दोनों को गंभीर अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर पहुंचाया जहां उनका प्राथमिक उपचार जारी है।
परिवार के सदस्यों ने बताया कि पेड़ की डालें काटने का काम परिवार के ही एक व्यक्ति द्वारा किया जा रहा था, डाल के हाई टेंशन लाइन पर गिरने से जोरदार आवाज हुई और तार टूट गया, जिससे रूबी और उनकी बच्ची करंट की चपेट में आ गईं।
आकस्मिक ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. निसार अहमद ने बताया कि दोनों का उपचार किया जा रहा है। उनकी स्थिति के बारे में अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी। सूचना मिलते ही बिजली विभाग के कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।




