खान मंत्रालय गुजरात में भारत के पहले अपतटीय क्षेत्र खनिज ब्लॉक नीलामी पर रोड शो करेगा
रिपोर्ट:-शमीम
खान मंत्रालय 21 दिसंबर 2024 को गुजरात के पोरबंदर में एक ऐतिहासिक रोड शो करेगा जिसमें देश के अपतटीय क्षेत्रों में खनिज ब्लॉकों की पहली ई-नीलामी की झांकी प्रमुखता से दर्शाई जाएगी। देश के विशेष आर्थिक क्षेत्र (ईईजेड) के भीतर विशाल समुद्री खनिज संपदा उजागर करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता खान मंत्रालय सचिव श्री वीएल कांथा राव करेंगे। गुजरात के भूविज्ञान और खान आयुक्त श्री धवल पटेल और अन्य गणमान्य व्यक्ति तथा उद्योग जगत के नेता इसमें शामिल होंगे। खनन, सीमेंट और बुनियादी ढांचा क्षेत्र की प्रमुख कंपनियों के इसमें भाग लेने की संभावना है जो इस परिवर्तनकारी अवसर में बढ़ती रुचि दिखाता है।
रोड शो में एसबीआई कैपिटल मार्केट्स (एसबीआईसीएपीएस), मेटल स्क्रैप ट्रेड कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एमएसटीसी) और भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (जीएसआई) अपनी प्रस्तुतियां देंगी। एसबीआई कैपिटल मार्केट्स नीलामी प्रक्रिया की रूपरेखा तैयार करेगा, जिसमें समयसीमा, निविदा और भागीदारी की शर्तें शामिल होंगी। मेटल स्क्रैप ट्रेड कॉर्पोरेशन लिमिटेड निर्बाध और पारदर्शी बोली प्रक्रिया सुनिश्चित करने वाले उन्नत ई-नीलामी प्लेटफ़ॉर्म प्रस्तुत करेगा। भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण अपतटीय ब्लॉकों की खनिज क्षमता पर तकनीकी प्रस्तुति देगा। इसमें गुजरात के समुद्र तट से दूर निर्दिष्ट तीन ब्लॉकों पर जोर दिया जाएगा। प्रचूर चूना-पत्थर युक्त ये ब्लॉक सीमेंट और निर्माण क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण होंगे।
केंद्रीय कोयला और खान मंत्री श्री जी किशन रेड्डी ने 28 नवंबर 2024 को अपतटीय खनिज ब्लॉकों की भारत की पहली ई-नीलामी का शुभारंभ किया था। यह कार्यक्रम इसी सिलसिले में आयोजित किया जा रहा है। नीलामी के इस चरण में लिए कुल 13 खनिज ब्लॉक हैं जिनमें निम्नलिखित शामिल है।
- गुजरात में 3 लाइममड (चूना-पत्थर) ब्लॉक
- केरल में 3 भवन निर्माण रेत ब्लॉक
- अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में सात पॉलीमेटेलिक नोड्यूल और क्रस्ट ब्लॉक। (पॉलीमेटैलिक नोड्यूल बहुत छोटे आकार की चट्टानें होती हैं जो समुद्र तल पर 4 से 6 किलोमीटर की गहराई में पाई जाती हैं। इन पिंडों में निकल, तांबा और मैंगनीज जैसे खनिज होते हैं।)
अगस्त 2023 में अपतटीय क्षेत्र खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम, 2002 में संशोधन के बाद यह पहल आरंभ हुई है, जिसमें पारदर्शी और प्रतिस्पर्धी नीलामी की जाती है। इस नीति का उद्देश्य व्यापक निवेश आकर्षित करना और पॉलीमेटेलिक नोड्यूल, लाइम-मड और निर्माण रेत जैसे संसाधनों के लिए अपतटीय खोज प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करना है।
खान मंत्रालय संबंधित उद्योगों को इस परिवर्तनकारी आयोजन में शामिल होने और अपतटीय खनिजों की खोज के अवसरों का पता लगाने के लिए आमंत्रित करता है। शर्तें और खनिज ब्लॉकों सहित नीलामी के सभी विवरण, मेटल स्क्रैप ट्रेड कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एमएसटीसी) के नीलामी प्लेटफ़ॉर्म https://www.mstcecommerce.com/auctionhome/mlcln/ पर उपलब्ध हैं।



