
रिपोर्ट :- शिवा वर्मा (संपादक)
बाराबंकी। तहसील रामनगर क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति को लेकर ज़िलाधिकारी अविनाश कुमार पूरी तरह गंभीर नज़र आ रहे है। ज़िलाधिकारी ने बताया कि रामनगर क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है और प्रभावित स्थानों पर बचाव और राहत कार्य लगातार किए जा रहे हैं। इन कार्यों का लगातार अनुश्रवण भी किया जा रहा है और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में समुचित साधन एवं सुविधाओं की आपूर्ति की जा रही है।
ज़िलाधिकारी के निर्देश पर आज तहसील रामनगर अंतर्गत बांध पर राहत शिविर में जमका, खुज्झी, सरसन्डा, बतनेरा, हेतमापुर, ललपुरवा, कोडरी मजरों के व्यक्तियों को भोजन वितरित किया गया। उपजिलाधिकारी रामनगर अनुराग सिंह ने बताया कि घाघरा का जलस्तर कल की तुलना में घटा है। उन्होंने बताया कि जमका, खुज्झी व सरसन्डा में कटान जारी है, जिसके उपाय हेतु प्रभावित परिवारों को पूर्व में ही ग्राम परशुराम विस्थापित कर दिया गया है। प्राप्त सूचना के अनुसार पशु चिकत्सा विभाग की ओर से बंधे पर राहत के तौर पर 15 पशुओ का इलाज एवं 10 पशुओं का टीकाकरण किया गया।
सभी सम्बन्धित अधिकारियों को अपेक्षित कार्यवाही करने के लिए निर्देशित कर दिया गया है। व बाढ़ प्रभावित परिवारों को तिरपाल शीट्स वितरित की गईं। बंधे पर मेडिकल टीम व पशु चिकित्सा टीम मय एम्बुलेंस मौजूद रही जिसमें 57 व्यक्तियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवा आदि वितरित की गईं। क्षेत्र में 08 नावें संचालित हैं, जिनका आमजन उपयोग कर रहे हैं। वही उपज़िलाधिकारी सिरौलीगौसपुर के अनुसार उनके क्षेत्र में अभी तक बाढ़ से आबादी क्षेत्र प्रभावित नहीं है। सम्बंधित को सतर्क दृष्टि बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
उप ज़िलाधिकारी रामसनेही घाट ने बताया कि उनके क्षेत्र में कोई गांव बाढ़ से प्रभावित नहीं है, पानी घट रहा है।




