रिपोर्टर :- उज्जवल कुमार साहा
साहिबगंज। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस एवं आकांक्षी जिला कार्यक्रम के अंतर्गत शिक्षा से संपन्नता करियर मार्गदर्शन उत्सव के तहत 09 मार्च से 31 मार्च 2026 तक फुलो झानो डिजिटल ज्ञान केंद्र द्वारा विशेष बंपर ऑफर प्रदान किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य जिले के विद्यार्थियों एवं अभ्यर्थियों को शिक्षा, कौशल विकास तथा करियर मार्गदर्शन से जोड़ना है।
इस विशेष अभियान के तहत फुलो झानो डिजिटल ज्ञान केंद्र में रजिस्ट्रेशन शुल्क ₹500 निर्धारित किया गया है। वहीं पुरुष अभ्यर्थियों के लिए 50 प्रतिशत अंशदान, महिलाओं के लिए 75 प्रतिशत अंशदान की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके अतिरिक्त दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए निःशुल्क (फ्री) रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था की गई है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस अवसर का लाभ उठा सकें।
जिला प्रशासन द्वारा जिले के सभी नगर एवं आसपास के क्षेत्रों के शैक्षणिक अभ्यर्थियों को फुलो झानो डिजिटल ज्ञान केंद्र से जुड़ने का सुनहरा अवसर प्रदान किया गया है। इस कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को डिजिटल शिक्षा, कौशल विकास तथा करियर से संबंधित आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे वे अपने भविष्य को सुदृढ़ बना सकें।
जिला प्रशासन ने सभी इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे इस विशेष अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाते हुए निर्धारित अवधि के भीतर अपना पंजीकरण कराएं और शिक्षा एवं कौशल विकास की दिशा में आगे बढ़ें।



