
रिपोर्टर :- उज्जवल कुमार साहा
साहिबगंज। जिला निर्वाचन पदाधिकारी(न0प0)-सह-उपायुक्त हेमंत सती ने आज समाहरणालय परिसर में नगर पालिका चुनाव 2026 के सफल एवं निष्पक्ष संचालन को लेकर मतगणना (काउंटिंग) प्रक्रिया का विस्तृत डेमोंस्ट्रेशन कराया । डेमोंस्ट्रेशन का उद्देश्य मतगणना कार्य में संलग्न पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्धारित प्रक्रिया, पारदर्शिता एवं सतर्कता के मानकों से अवगत कराना था।

इस दौरान मतपत्रों की गणना, अमान्य मतों की पहचान, परिणाम संधारण, प्रपत्रों के संधारण तथा सुरक्षा मानकों के अनुपालन संबंधी बिंदुओं पर चरणबद्ध जानकारी दी गई। उपायुक्त ने निर्देश दिया की मतगणना कार्य पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं विधि सम्मत तरीके से संपन्न कराया जाए। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
मौके पर अपर समाहर्ता-सह-निर्वाची पदाधिकारी साहिबगंज गौतम भगत, जिला आपूर्ति पदाधिकारी झुनू कुमार मिश्रा एवं मास्टर ट्रेनर्स उपस्थित थे। सभी पदाधिकारियों ने मतगणना प्रक्रिया को गंभीरता एवं सजगता के साथ संपन्न कराने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

