राष्ट्र गौरव काव्यपाठ प्रतियोगिता एवं सम्मान समारोह का आयोजन रविवार को होगा
जिले के चार दर्जन से अधिक साहित्यकारों को सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा
स्टेट हेड शमीम की रिपोर्ट
बाराबंकी। राष्ट्र गौरव काव्यपाठ प्रतियोगिता एवं सम्मान समारोह का आयोजन रविवार को होगा, जिसमें जिले के चार दर्जन से अधिक साहित्यकारों को सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा राष्ट्र गौरव काव्यपाठ प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जिले भर के युवा कवि प्रतिभाग करेंगे। प्रतियोगिता में बेहतर प्रस्तुति देने वाले कवियों को प्रथम, द्वितीय व तृतीय पुरस्कार प्रदान किया जाएगा तथा सहभागिता करने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र दिये जाएंगे।
भाजपा सांस्कृतिक प्रकोष्ठ द्वारा 10 अक्टूबर को राष्ट्र गौरव काव्यपाठ प्रतियोगिता का आयोजन भाजपा जिला कार्यालय के सभागार में किया जाएगा। प्रतियोगिता में 35 वर्ष तक की आयु वाले कवि प्रतिभाग करेंगे। प्रतिभागी मर्यादा पुरूषोत्तम श्रीराम की महिमा पर केन्द्रित, राष्ट्रप्रम अथवा भारत गौरव विषय पर केन्द्रित रचनाओं का काव्यपाठ करेंगे। प्रत्येक प्रतिभागी के लिए काव्यपाठ का समय न्यूनतम 2.30 से अधिकतम 5 मिनट होगा। सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के जिला संयोजक व कार्यक्रम के संयोजक राजकुमार सोनी ने बताया कि कार्यक्रम आयोजन हेतु आशीष आनन्द को कार्यक्रम प्रभारी एवं पंकज कँवल को कार्यक्रम व्यवस्थापक नियुक्त किया गया है।
कार्यक्रम प्रभारी आशीष आनन्द ने बताया कि हिन्दी अथवा अवधी में स्वयं की लिखी गयी रचनाओं का काव्यपाठ प्रतिभाग करने वाले कवियों द्वारा किया जाएगा। इसके मूल्यांकन के लिए तीन सदस्सीय निर्णायक मंडल का गठन किया गया है। काव्यपाठ में उच्चारण व लय के लिए 15 अंक, भाव-काव्य सौंदर्य के लिए 15 अंक तथा वाचन कौशल के लिए 20 अंक निर्धारित हैं। इस प्रकार कुल 50 अंकों के आधार पर मूल्यांकन किया जाएगा। जिसके बाद प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पाने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः धनराशि 1500, 1000 व 500, सम्मान पत्र, अंगवस्त्र आदि प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले समस्त कवियों को प्रतिभागिता का प्रमाण पत्र, अंगवस्त्र प्रदान किया जाएगा।
भाजपा सांस्कृतिक प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित काव्यपाठ प्रतियोगिता के उपरांत साहित्यिक सेवा, हिन्दी-अवधी के प्रचार-प्रसार के लिए जिले के करीब 50 वरिष्ठ साहित्यकारों, कवियों को प्रशस्ति पत्र , अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया जाएगा।



