
समित अवस्थी की रिपोर्ट
बाराबंकी। डा0 अम्बेडकर पार्क एवं स्मारक अनुरक्षण समिति के पदाधिकारियों के साथ सांसद ने अपने आवास पर बैठक कर सतरिख नाका स्थित डा अम्बेडकर पार्क के जीर्णोद्धार व सौन्दर्यीकरण कराने का खाका तैयार किया और समिति के द्वारा प्रस्तुत किये गये नक्शा एवं प्रस्ताव पर सांसद ने पार्क के जीर्णोद्धार कराने का आश्वासन दिया है।
उल्लेखनीय है कि सतरिख नाका स्थित डा0 अम्बेडकर का उक्त पार्क गंदगी और अतिक्रमण का शिकार रहता है। पार्क के अन्दर एवं बाउण्ड्रीवाल के बाहर चारो तरफ स्थानीय दुकानों, ठेले-खुमचों का कूड़ा डम्प होता है। पार्क के अन्दर व बाउण्ड्रीवाल से सटाकर बड़ी-बड़ी होर्डिंग्स लगा दी जाती हैं, जिससे हवा के दबाव में कई बार बाउण्ड्रीवाल टूट चुकी है। दसहराबाग से निकलने वाला सीवर नाला डा0 अम्बेडकर पार्क के अन्दर से निकाल दिया गया जो नाला खुला पड़ा रहा। खुले नाले को विगत वर्ष एक अम्बेडकर अनुयायी द्वारा अपने पैसे खर्च करके बन्द कराया गया है। पार्क के अन्दर ही अतिक्रमण कर विद्युत विभाग द्वारा एक बड़ा ट्रांसफार्मर रख दिया गया। इस अतिक्रमण एवं गंदगी से निजात दिलाने एवं पार्क के सौंदर्यीकरण के लिए जिले के अम्बेडकर अनुयायियों ने डा0 अम्बेडकर पार्क एवं स्मारक अनुरक्षण समिति का गठन किया है जिसके के अध्यक्ष समाजेवी रत्नेश कुमार चुने गये हैं। इस समिति के पदाधिकारियों की इैठक सांसद श्री उपेन्द्र सिंह रावत की अध्यक्षता में सांसद आवास पर हुई जिसमें समिति द्वारा प्रस्तावित पार्क का नक्शा एवं स्टीमेट सांसद को सौंपा गया। इस अवसर पर सांसद ने कहा कि डा0 अम्बेडकर आधुनिक भारत के निर्माता हैं, डा अम्बेडकर प्रत्येक भारतवासी के गौरव हैं, उनके प्रति सम्मान करना सभी का कर्तव्य है। सतरिख नाके का अम्बेडकर पार्क उपेक्षा और बदहाली का शिकार नही होगा, पार्क के सौंदर्यीकरण के लिए हर सम्भव प्रयास किया जायेगा। प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए समिति के अध्यक्ष रत्नेश कुमार ने कहा कि इस अम्बेडकर पार्क का जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण जन सहयोग से दान-चन्दा लेकर किया जायेगा, इसके लिए समिति के पदाधिकारी पूरे समर्पण के साथ लग गये हैं। समिति के महासचिव राम औतार ने सांसद एवं सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया और पार्क में लगने वाले धन समाज से एकत्र करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर समिति के उपाध्यक्ष अमरेश बहादुर, देव कुमार गुप्ता, विनोद कुमार प्रधान, सचिव मंशाराम कनौजिया, लेखापरीक्षक सुशील कुमार रावत, राजेन्द्र कनौजिया, राम प्रगट कनौजिया, राम दयाल, राम कुमार, ब्रिजेन्द्र कुमार पोइया, जियालाल, रमेश चैधरी, रंजीत कुमार, उत्कर्ष सहित आधा सैकड़ा समिति के सदस्य उपस्थित रहे।




