जिलाधिकारी डाॅ0आदर्श सिंह ने विगत रात्रि जूम ऐप पर कोविड-19 टीकाकरण की सभी सम्बन्धित अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक

रिपोर्ट:- मो0 शमीम
बाराबंकी 08.12.2021जिलाधिकारी डाॅ0आदर्श सिंह ने विगत रात्रि जूम ऐप पर कोविड-19 टीकाकरण की समीक्षा बैठक सभी सम्बन्धित अधिकारियों के साथ की। समीक्षा बैठक के दौरान ब्लाकवार सभी चिकित्सा अधीक्षकों से जनपद में चल रहे अभियान के तहत टीकाकरण की स्थिति जानी तथा सम्बन्धित अधिकारियों को टीकाकरण की गति बढ़ाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि जनपद में टीकाकरण से संबंधित जो विशेष अभियान चल रहा है, उसके तहत जनपद में शतप्रतिशत टीकाकरण पूरा किया जाए।
जिलाधिकारी ने बैठक के दौरान कहा कि जनपद के शत प्रतिशत रैन बसेरे क्रियाशील किए जाए तथा वहां पर साफ-सफाई तथा अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाए। उन्होंने जिला महिला अस्पताल की सीएमएस को निर्देशित करते हुए कहा कि अस्पताल के रैन बसेरा की साफ-सफाई कराते हुए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराये। जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिये कि सभी रैन बसेरो का समय-समय पर निरीक्षण किया जाए।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि कोविड संक्रमण को रोकने के लिए टीकाकरण का बड़ा योगदान रहा है। जनपद 77 प्रतिशत प्रथम डोज प्राप्त कर चुका है तथा 33 प्रतिशत द्वितीय डोज प्राप्त कर चुका है।
जूम ऐप पर मीटिंग के दौरान मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती एकता सिंह, अपर जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह, समस्त उपजिलाधिकारी, समस्त चिकित्सा अधीक्षक, समस्त खण्ड विकास अधिकारी सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।




