
रिपोर्टर :- उज्जवल कुमार साहा
साहिबगंज।जिले के बोरियो प्रखंड अंतर्गत सुदूरवर्ती क्षेत्र पोखरिया पहाड़ में उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में विशेष जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रशासनिक टीम ने सीधे ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं और त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने 36 परिवारों के घर-घर जाकर हालात का जायजा लिया। ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से उठाईं।
उपायुक्त ने बताया कि गांव तक पहुंचने वाली जर्जर सड़क के निर्माण के लिए प्राक्कलन तैयार कर शीघ्र स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। वहीं पेयजल समस्या के समाधान हेतु झरने से जलापूर्ति कर हर घर तक पानी पहुंचाने की योजना बनाई गई है। अप्रैल तक जल आपूर्ति का लक्ष्य तय किया गया है।

बिजली सुविधा के तहत ‘मूजी योजना’ के अंतर्गत सभी 36 घरों को बिजली कनेक्शन देने का निर्देश दिया गया है। शिक्षा व्यवस्था सुधार के लिए उत्क्रमित मध्य विद्यालय पोखरिया में नए भवन, शौचालय और किचन शेड निर्माण की घोषणा की गई।
स्वास्थ्य व सामाजिक सुरक्षा के तहत पात्र ग्रामीणों को पीवीटीजी पेंशन और आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराने की बात कही गई। वहीं युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ने और महिलाओं को कुटीर उद्योग से आत्मनिर्भर बनाने पर भी जोर दिया गया।
जनता दरबार में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी और लाभ प्रदान किया गया।



