
रिपोर्ट :-शिवा वर्मा (सम्पादक)
बाराबंकी। फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पूरे गुलाम मोहम्मद में खलिहान की भूमि पर बिना अनुमति के अंबेडकर की प्रतिमा रख दी गई। घटना की सूचना मिलते ही तहसील प्रशासन मौके पर पहुंचा और मूर्ति को हटा दिया। इसके बाद लेखपाल की तहरीर पर पुलिस ने दो लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।
असामाजिक तत्वों ने रखी थी मूर्ति
ग्राम पूरे गुलाम मोहम्मद में स्थित खलिहान की भूमि पर बृहस्पतिवार की रात कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा अंबेडकर की प्रतिमा रखी गई। जानकारी मिलने पर एसडीएम वैशाली अहलावत, सीओ जगत राम कनौजिया और तहसीलदार सहित राजस्व और पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। प्रशासनिक टीम ने जांच की तो पता चला कि यह काम गांव के कुछ लोगों ने बिना किसी अनुमति के किया है। इसके बाद प्रशासन ने मूर्ति को सम्मानपूर्वक हटाया और खलिहान की सरकारी भूमि को कब्जे से मुक्त करवा लिया।
सरकारी भूमि पर कब्जा करना चाहते थे दबंग।
फतेहपुर कोतवाल ने बताया कि लेखपाल रेशू वर्मा की तहरीर पर रामसागर पुत्र राम भरोसे और सचिन कुमार पुत्र राम सागर के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। उनकी तलाश जारी है। एसडीएम राजेश कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि यह पूरी घटना सरकारी भूमि पर कब्जा करने की नियत से की गई थी, जिसकी जांच की जा रही है और उचित कार्रवाई की जाएगी।



