
रिपोर्टर :- उज्जवल कुमार साहा
साहिबगंज। नगर पंचायत में उपाध्यक्ष पद पर वार्ड संख्या 5 के निर्विरोध वार्ड पार्षद मो. मारूफ उर्फ गुड्डू को उपाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।साहिबगंज समाहरणालय सभागार में निर्वाची पदाधिकारी छूटेश्वर प्रसाद दास की, सहायक निर्वाची पदाधिकारी सदानंद महतो व विमल सोरेन की मौजूदगी में चुनाव प्रक्रिया के दौरान 14 वार्ड पार्षदों ने सर्वप्रथम शपथ ग्रहण किया।उपरांत उपाध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई जिसमें वार्ड संख्या 5 से वार्ड पार्षद के रूप में अपना नामांकन दर्ज किया । निर्धारित समय अवधि तक अन्य किसी प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं किया। समय समाप्ति के बाद सर्वसम्मति से निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।निर्वाची पदाधिकारी छूटेश्वर प्रसाद दास ने निर्विरोध नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष को जीत का प्रमाण पत्र दिए।उपाध्यक्ष पद पर उनके निर्विरोध चुने जाने की खबर मिलते ही समर्थकों और स्थानीय लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई।नगर पंचायत क्षेत्र के कई लोगों ने उन्हें बधाई दी और फूल-मालाओं से स्वागत किया।समर्थकों ने मिठाइयां बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया।बताया जाता है कि मो. मारूफ उर्फ गुड्डू लंबे समय से सामाजिक कार्यों से जुड़े रहे हैं और वार्ड पार्षद के रूप में भी क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।

उनके कार्यों को देखते हुए नगर पंचायत के कई पार्षदों और जनप्रतिनिधियों का उन्हें समर्थन मिला, जिसके कारण वे निर्विरोध उपाध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए।उपाध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद मो. मारूफ उर्फ गुड्डू ने नगर पंचायत के सभी पार्षदों और नगरवासियों का आभार व्यक्त किया।उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। वे नगर पंचायत क्षेत्र में स्वच्छता, पेयजल, सड़क, नाली और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से काम करेंगे।उन्होंने यह भी कहा कि नगर पंचायत के विकास के लिए सभी वार्ड पार्षदों और जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर काम किया जाएगा, ताकि क्षेत्र में विकास की गति और तेज हो सके तथा आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके। उनके निर्विरोध चुने जाने से नगर पंचायत में विकास को लेकर नई उम्मीदें भी जगी।झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला अध्यक्ष अरुण सिंह, केंद्रीय समिति सदस्य एकलाखुर रहमान, अयूब अली, अनिसुर रहमान ,अब्दुल बारीक शेख ,घीसू शेख, राजू अंसारी,आकाश चौधरी,राजीव बर्मन, मोहम्मद आजाद, विकास यादव, अजय दास, अशोक चिरानियां, मुर्शीद राजा,सहित अन्य ने फूल माला पहनकर नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष को बधाई दी



