
रिपोर्टर:- उज्जवल कुमार साहा
साहिबगंज। बहरावा शनिवार को पतना प्रखंड के दिग्घी के पास एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। जुगाड़ वाहन (भुटभुटिया) और मोटरसाइकिल की जोरदार टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने करीम खान (20 वर्ष), निवासी धोबी पोखर, बरहरवा और कलीम शेख (25 वर्ष), निवासी उत्तर प्रदेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल नईम शेख (21 वर्ष), ग्राम कहारपाड़ा का रहने वाला है, जिसका इलाज जारी है।

बताया जा रहा है कि कलीम शेख एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए उत्तर प्रदेश से बरहरवा आया था। लेकिन खुशियों के इस मौके पर अचानक हुए हादसे ने सब कुछ बदल दिया। घटना की जानकारी मिलते ही बरहरवा और रांगा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को जब्त कर लिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और मृतकों के परिजनों का रो – रोकर बुरा हाल है।



