असेनी मे दो शासकीय स्कूल व एक निजी स्कूल के समीप देशी शराब की दुकान संचालित हो रही हैं।

रिपोर्ट :- शिवा वर्मा (संपादक)
बाराबंकी। नवाबगंज तहसील मुख्यालय से करीब पांच किमी दूर स्थित ग्राम असेनी मे दो शासकीय स्कूल व एक निजी स्कूल के समीप देशी शराब की दुकान संचालित हो रही हैं। जिसके स्थल परिवर्तन का मामला एक बार फिर से तूल पकड़ लिया है तथा शराब दुकान के पास पंडाल लगाकर ग्रामीण अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए। जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हो रही है। सोशलिस्ट पार्टी के बैनर तले बीते सोमवार को मैग्सेसे पुरस्कार से सम्मानित सामाजिक कार्यकर्ता संदीप पाण्डेय के नेतृत्व में शराब की दुकान हटाए जाने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू किया है। जिसके समर्थन में बुधवार को गांधीवादी चिन्तक राजनाथ शर्मा ने धरना स्थल पहुंचकर सत्याग्रह कर रहे ग्रामीणों और सोशलिस्ट पार्टी के कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि सोशलिस्ट पार्टी पहले भी शराब दुकान को हटाएं जाने को लेकर आंदोलित रही है।

लेकिन प्रशासन अपने वायदे के अनुरूप नियत तिथि तक स्थल परिवर्तन करने में नाकाम रही, जिसके चलते यह कहा जा सकता है कि वास्तव में शासन की मंशा शराब दुकान को हटाने की नहीं है। इस बात को लेकर एक सूत्रीय मांग प्रशासन अपने वायदे को पूरा करें और शराब दुकान को हटाएं। धरने के संयोजक सोशलिस्ट पार्टी के जिलाध्यक्ष अमित मौर्य ने बताया कि बीते 5 अक्टूबर 2021 को जिलाधिकारी को पत्र लिखकर शराब दुकान को हटवाए जाने की मांग की थी। इसके बाद 07 जून 2022 को शराब दुकान की जगह परिवर्तन की मांग पर ग्रामीण बैठे धरने बैठे थे। जिला प्रशासन के आश्वासन बाद धरना समाप्त हुआ लेकिन प्रशासन की तरफ से कोई कार्यवाही नहीं हुई। पुनः 03 जनवरी 2023 को एक पत्र जिलाधिकारी को लिखा गया कि स्कूल जाने वाले बच्चों पर शराब दुकान होने के कारण शराबियों द्वारा आपत्तिजनक हरकतें व अपशब्दों का प्रयोग किया जाता है, जिस वजह से आने-जाने वाली स्थानीय महिलाओं एवं स्कूली बच्चों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसलिए शराब की दुकान ग्रामसभा से हटाई जाए। वहीं प्रदर्शनकारियों का कहना कि उनका धरना प्रदर्शन तब तक जारी रहेगा जब तक शासन-प्रशासन उनकी मांगों को नहीं मान लेता। इस मौके पर प्रमुख रूप से उमानाथ यादव, बबली वर्मा, विनोद कुमार, बाबूलाल, जितेन्द्र मौर्य, राकेश वर्मा, अरविन्द वर्मा, ज्योति यादव, सरिता, कोमल, सुषमा, पूनम देवी, ज्ञानवती, नेहा मौर्य, राममिलन, रोशनी राजपूत, रीता देवी, मीरा देवी, सुमन, श्वेता, रीमा आदि लोग शामिल हुए।



