04 मार्च 2023 से 11 मार्च 2023 तक अंतर्राष्ट्रीय महिला सप्ताह मनाया जायेगा।

रिपोर्ट :- शिवा वर्मा (संपादक)
उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ की मंशानुरूप व श्री रवीन्द्र नाथ दूबे जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा निर्देशन में दिनांक-04 मार्च 2023 से 11 मार्च 2023 तक अंतर्राष्ट्रीय महिला सप्ताह मनाया जाना है जिसमें विभिन्न प्रकार के महिलाओं से सम्बन्धित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जायेगे।
श्रीमती नाजनीन बानो अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बाराबंकी द्वारा बताया गया कि इस सप्ताह में विशेषकर महिलाओं को कानून की जानकारी प्रदान की जायेगी और समाज के विभिन्न वर्गो की महिलाओं को कार्यक्रम आयोजित कर जागरूक किया जायेगा। इन कार्यक्रमों में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से पूर्व से नामित रिसोर्स पर्सन के द्वारा प्रतिभाग किया जायेगा एवं कार्यक्रम में विभिन्न प्रकार की कानून की जानकारियां प्रदान की जायेगी। सचिव महोदया द्वारा यह भी बताया गया कि इन कार्यक्रमों में महिलाओं को उनके अधिकारों एवं महिलाओं के संरक्षण हेतु निर्मित विधियों से जागरूक किया जायेगा। इन कार्यक्रमों में महिला शिक्षिकाओं, महिला पुलिसकर्मियों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, आंगनबाड़ी सुपरवाइजर, आशु बहूओं, महिला स्वास्थ्य कर्मियों एवं 15 वर्ष से अधिक आयु की छात्राओं के द्वारा प्रतिभाग किया जायेगा। इन कार्यक्रमों में भारतीय दण्ड संहिता, दहेज प्रतिषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा अधिनियम इत्यादि के उन प्राविधानों से अवगत कराया जायेगा जो कि महिलाओं एवं बालिकाओं के हित संरक्षण हेतु है।