रिपोर्ट:- पुष्पेन्द्र कुमार वर्मा
निंदूरा (बाराबंकी) सात आम के परमिट पर वन माफियाओं ने दो दर्जन से अधिक पेड़ों का सफाया कर दिया। वन व पुलिस विभाग को मामले की जानकारी तक नहीं हो सकी है।
बड्डूपुर थाना के इटौंजा में बीते एक सप्ताह पहले वन माफियाओं ने जारी सात आम के परमिट पर करीब एक दर्जन से अधिक पेड़ों का सफाया कर दिया। वन व पुलिस विभाग को मामले की जानकारी तक नहीं हो सकी।स्थानीय लोगों को जब मामले की जानकारी हुई तो उन्होंने इसकी शिकायत उच्च अधिकारियों से की। अधिकारियों को मामले की जानकारी होते ही वन विभाग ने आनन-फानन कर काटे गए पेड़ों पर कार्रवाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति कर जुर्माना कर दिया।अभी मामले को एक सप्ताह भी नहीं बीता था कि रविवार रात को वन माफियाओं ने एक बार फिर उसी बाग में लगे आम के करीब एक दर्जन पेड़ों का सफाया कर दिया। हर बार कि तरह इस बार भी वन व पुलिस विभाग को मामले की जानकारी नहीं हो सकी। वन माफिया रात भर आम की बाग का सफाया कर आराम से लकड़ी तक उठा ले गए। लेकिन जिम्मेदार दोनों विभाग मामले की जानकारी से इन्कार करते रहे हैं। इस संबंध वन रेंजर देवा मयंक सिंह ने बताया कि मामला जानकारी में नहीं है। मौके पर वन दरोगा को भेजा गया है।