बसंत पंचमी का पर्व बड़े ही उत्साह एवं धार्मिक वातावरण में मनाया गया।
गायत्री परिवार द्वारा धूमधाम से मनाया गया बसंत पंचमी का पर्व।
रिपोर्ट :- शिवा वर्मा।
निंदूरा (बाराबंकी) विकास खंड क्षेत्र के कस्बा टिकैतगंज स्थित प्रसिद्ध गायत्री शक्तिपीठ पर शनिवार को गायत्री परिवार के द्वारा बसंत पंचमी का पर्व बड़े ही उत्साह एवं धार्मिक वातावरण में मनाया गया। इस मौके पर मंदिर में मुंडन, पुनवंश, गुरू दीक्षा, जनेऊ सहित अन्य सभी संस्कारों का आयोजन किया गया।
गायत्री परिवार प्रज्ञापीठ मुख्य प्रबंधक श्रीकृष्ण जायसवाल ने बताया कि बसंत पंचमी को गायत्री परिवार गुरुदेव पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य के आध्यात्मिक जन्म दिवस के रूप में मनाते हैं, क्योंकि इसी दिन गुरुदेव अपने महत्वपूर्ण कार्यों की शुरुआत करते रहे हैं।बसंत पंचमी के मौके पर आज मंदिर परिसर में विशेष पूजा अर्चना संपन्न हुई।
सरस्वती पूजन के बाद परिवार के सदस्यों ने युग निर्माण योजना के तहत चलाए जा रहे विचार क्रांति अभियान पर प्रकाश डाला। साथ ही समाज सुधार की दिशा में संचालित किए जा रहे आंदोलनों,साधना, स्वास्थ्य,शिक्षा,नारी जागरण, व्यसन मुक्ति पर्यावरण तथा कुरीति उन्मूलन में बढ़ चढ़कर भागीदारी करने का संकल्प लिया। इस मौके पर आचार्य रामनाथ मौर्या,सुनील वर्मा,अजय कुमार,संतोष सिंह आदि उपस्थित रहे।