तहसील रामसनेहीघाट के सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ।
रिपोर्ट :- शिवा वर्मा।
बाराबंकी। जिलाधिकारी डॉ. आदर्श सिंह द्वारा फरियादियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय शनिवार को आयोजित होने वाले सम्पूर्ण समाधान दिवस की कड़ी में माह सितम्बर के प्रथम शनिवार को तहसील रामसनेहीघाट के सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने आए हुए फरियादियों की समस्याओं की गम्भीरतापूर्वक सुनवाई करते हुए निस्तारण के लिए सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
जिलाधिकारी ने प्राप्त होने वाली शिकायतों का त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए, जिससे शिकायती पत्रों का निस्तारण समयान्तर्गत किया जा सके। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने स्तर पर विभिन्न माध्यमों से प्राप्त होने वाले प्रार्थना-पत्रों की नियमित रूप से समीक्षा कर उनका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित कराएं।
तहसील रामसनेहीघाट में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 148 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। जिसमें राजस्व विभाग से सम्बन्धित 65 प्रार्थना पत्र, पुलिस विभाग से सम्बन्धित 17 प्रार्थना पत्र, विकास विभाग से सम्बन्धित 25 प्रार्थना पत्र, अन्य विभाग से सम्बन्धित 41 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत हुए। मौके पर कुल 08 प्रार्थना पत्रों का निस्तारण किया गया।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर उपजिलाधिकारी रामसनेहीघाट, क्षेत्राधिकारी रामसनेहीघाट, जिला विकास अधिकारी, समाज कल्याण अधिकारी, उपायुक्त मनरेगा, उपायुक्त एनआरएलएम, बेसिक शिक्षा अधिकारी, उप कृषि निदेशक, अपर जिला सूचना अधिकारी सहित जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।