कड़ी मेहनत और पूर्ण निष्ठा से किया गया कार्य सफलता के द्वार अवश्य खोलता है।
रिपोर्ट :- शिवा वर्मा (संपादक)
बाराबंकी। कड़ी मेहनत और पूर्ण निष्ठा से किया गया कार्य सफलता के द्वार अवश्य खोलता है।यह बात जनपद के ग्राम रौनी विकासखंड त्रिवेदीगंज निवासी प्रदीप महाजन पर शत-प्रतिशत लागू होती है जिनका चयन एक राष्ट्रीय चैनल शेमारू टीवी पर प्रसारित होने वाले बहुत ही लोकप्रिय कार्यक्रम वाह भाई वाह में हुआ। वैसे तो प्रदीप महाजन परिचय के मोहताज नहीं हैं,जनपद की साहित्यिक गतिविधियों में अग्रणी भूमिका निभाते रहते हैं और साहित्य जगत में अपना प्रमुख स्थान बना चुके हैं।शिक्षक कवि प्रदीप महाजन को कई प्रतिष्ठित संस्थाओं द्वारा सम्मानित भी किया जा चुका है।आपको बता दें कि उपरोक्त कार्यक्रम का संचालन देश के सुप्रसिद्ध राष्ट्रीय कवि शैलेश लोढ़ा करते हैं। मुंबई स्थित बसंत स्टूडियो में प्रदीप महाजन के काव्य पाठ की रिकॉर्डिंग हुई। वहां उपस्थित जनसमूह ने खड़े होकर महाजन की कविताओं को सम्मान दिया।इस लोकप्रियता के कारण उनकी कविताओं का एक और एपिसोड शूट हुआ जिसका प्रसारण शीघ्र ही राष्ट्रीय चैनल शेमारू टीवी पर होगा। प्रदीप महाजन इस सफलता का श्रेय अपने सभी शुभचिंतकों माता पिता और गुरुजनों को देते हैं।