डीएम ने एआर कोआपरेटिव को हटाने के दिए निर्देश,धान क्रय केन्द्रों पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं।

रिपोर्ट :-शिवा वर्मा (सम्पादक)
बाराबंकी। जिलाधिकारी श्री सत्येन्द्र कुमार ने आज विकास खण्ड बंकी के ग्राम पंचायत सुल्तानपुर में ’प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत खरीफ 2023-24 फसल धान की क्रॉप कटिंग विवरण का आकस्मिक निरीक्षण किया।
उन्होंने वहां पर रकबे के हिसाब से क्राप कटिंग करवाकर स्वयं देखी। उन्होंने कहा कि क्राॅप कटिंग में शासन के निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन प्रत्येक दशा में सुनिश्चित किया जाए।
इसके बाद जिलाधिकारी श्री सत्येंद्र कुमार ने बाराबंकी मण्डी स्थित धान क्रय केन्द्र पहुॅ़चे। वहा पर जिलाधिकारी ने धान क्रय केन्द्र नवीन मण्डी में निरीक्षण के दौरान धान विक्रेता किसानों से पूछताछ की, किसानों ने बताया कि धान खरीदने के लिए उनको वापस लौटाया जा रहा है, धान क्रय नियमानुसार नहीं हो रहा है।
जिलाधिकारी ने धान क्रय केन्द्र पर फिल्टर मशीन का भी निरीक्षण किया। फटी बोरी में धान भरने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल नई बोरी में धान भरने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिस किसान ने आनलाइन टोकन लिया है,
उनका शत प्रतिशत धान क्रय किया जाए। उन्होंने कहा कि नोटिस बोर्ड लगाया जाए, टोकेन बार सीरियल से प्रतिदिन धान क्रय किया जाए। उन्होंने कहा कि इसे सुनिश्चित करना होगा कि किसी किसान को धान खरीद में किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने इस प्रकार की लापरवाही तथा अन्य अव्यवस्था के कारण एआर कोआपरेटिव को तत्काल हटाने के लिए शासन अनुशंसा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि धान क्रय केन्द्रों पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, प्रत्येक कर्मचारी को अपने निर्धारित दायित्वों का निर्वहन करना ही होगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि पंचायतवार लेखपालों को निर्देशित किया जाए कि कम से कम 20 किसानों की सूची धान क्रय के लिए उनके द्वारा प्रस्तुत की जाए।
जिलाधिकारी श्री सत्येन्द्र कुमार ने इसके बाद बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति लिमिटेड मुबारकपुर विकास खण्ड बंकी धान क्रय केन्द्र का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान धान क्रय केन्द्र पर कोई किसान धान बिक्री के लिए नहीं मौजूद था, जिलाधिकारी ने इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए रजिस्टर मंगाकर किसानों के मोबाइल नम्बर पर बात भी की।
किसानों ने बताया कि अभी उनका धान तैयार नहीं है इस कारण वह धान क्रय केन्द्र पर नहीं पहुॅच पाए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा किसानों को फोन द्वारा नियमित रूप से सूचित किया जाए कि वह धान क्रय केन्द्रों पर आकर अपना धान विक्रय कर सकते हैं, उन्हें किसी प्रकार की समस्या नहीं होगी।
जिलाधिकारी ने धान क्रय केन्द्र के पीछे गोदाम के सामने पड़े रासायनिक खाद के ढेर को देखकर नाराजगी व्यक्त की और सम्बन्धित सचिव के विरूद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि चूंकि स्कूल भी इसी बिल्डिंग से जुड़ा हुआ है, इसलिए यहां पर साफ सफाई का और अधिक अच्छी व्यवस्था की आवश्यकता है, इसे सुनिश्चित किया जाए।